
स्वास्थ्य-पोषण सेवा संगम के तहत गर्भवती महिलाओं की जांच, बच्चों का टीकाकरण और ग्रामीणों को दी पोषण संबंधी जानकारी
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : विकासखंड छुईखदान के दूरस्थ वनांचल ग्राम तुमड़ादाह स्थित बहुउद्देशीय केंद्र में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। स्वास्थ्य-पोषण सेवा संगम कार्यक्रम के तहत आयोजित शिविर में विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय के 55 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर का उद्देश्य जनजातीय समुदाय को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक करना था।
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रावल के नेतृत्व एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल शुक्ला के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में जनजातीय समुदायों की भागीदारी और सशक्तीकरण पर जोर दिया गया।
टीबी, मलेरिया और सिकल सेल की भी हुई जांच
स्वास्थ्य शिविर में 2 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई और 1 बच्चे का टीकाकरण किया गया। इसके अलावा 35 लोगों की टीबी एवं कुष्ठ रोग संबंधी जांच, 20 ग्रामीणों की रक्तचाप और शुगर जांच, 17 लोगों की मलेरिया तथा 5 लोगों की सिकल सेल जांच की गई।
पोषण और मौसमी बीमारियों से बचाव की दी जानकारी
स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को बच्चों के उचित पोषण, कुपोषण की पहचान एवं रोकथाम तथा गर्भवती और शिशुवती माताओं की देखभाल के संबंध में जानकारी दी। साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छता बनाए रखने और स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दी सेवाएं
शिविर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पैलीमेटा से डॉ. महेश साहू, आरएमए उपेंद्र नाथ ठाकुर एवं मृदुला यादव, सुपरवाइजर धारने, एलएचवी ऊके, आरएचओ गणेश सोरी, वासुदेव एवं सुरेश, एएनएम देवकुमारी तथा सीएचओ तेजेश्वनी ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।



