
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 04 नवंबर 2026 : कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ला के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई तथा रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आज सिविल अस्पताल, खैरागढ़ में निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 60 मरीजों ने पंजीयन कराया, जिसमें बड़ी संख्या में वे मरीज शामिल रहे जो पहले से कैंसर का उपचार करा रहे हैं। इसके अलावा, स्तन में गांठ, मुख कैंसर से संबंधित समस्याओं और कैंसर के अन्य संभावित लक्षणों वाले मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया।
इस शिविर में पेन एवं पैलिएटिव मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. बबलेश माहावर और डॉ. नवीन जैन (एमडीएस) ने अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकों ने मरीजों को उपचार, दर्द एवं अन्य तकलीफों के प्रबंधन और आगे की जरूरी जांच के संबंध में उचित चिकित्सकीय मार्गदर्शन दिया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य कैंसर की समय रहते पहचान करना, मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराना और आम नागरिकों में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा भविष्य में भी ऐसे शिविरों के माध्यम से विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने और कैंसर की प्रारंभिक पहचान को प्रोत्साहित करने के प्रयास निरंतर जारी रखे जाएंगे।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ला, सिविल सर्जन डॉ. आशीष शर्मा, जिला नोडल अधिकारी एनपी-एनसीडी डॉ. पंकज वैष्णव, बीएमओ खैरागढ़ डॉ. विवेक बिसेन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सोनल ध्रुव, आरएमएनसीएचए आरती चतुर्बीदानी, जिला लेखा प्रबंधक नवीन चौहान और जिला डाटा प्रबंधक खिलेश साहू उपस्थित रहे।



