
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में 13 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) विशेष टीकाकरण सप्ताह संचालित किया जाएगा। अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जिले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में स्वास्थ्य शिक्षा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, मितानिनों द्वारा 14वाँ जन्मदिवस पूर्ण कर चुकी तथा 15वाँ जन्मदिवस शेष पात्र छात्राओं एवं किशोरियों को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण, गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर के कारण, बचाव के उपाय तथा एचपीवी टीकाकरण के महत्व की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। साथ ही टीके की सुरक्षा, प्रभावशीलता एवं इससे संबंधित भ्रांतियों का वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर निराकरण करते हुए पात्र छात्राओं को निर्धारित तिथि पर टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसी क्रम में आयोजित एक जागरूकता कार्यक्रम में शिक्षक सियाराम साहू ने छात्राओं को संबोधित करते हुए एचपीवी संक्रमण से बचाव तथा एचपीवी वैक्सीन के लाभों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय पर एचपीवी टीकाकरण कराने से भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है तथा प्रत्येक पात्र छात्रा को इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के सेक्टर सुपरवाइजर विनोद बागड़े (बुंदेली सेक्टर) ने एचपीवी वैक्सीन की सुरक्षा, प्रभावशीलता एवं पात्रता के संबंध में जानकारी देते हुए छात्राओं एवं शिक्षकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने बताया कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है तथा निर्धारित आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं को समय पर टीका लगवाना उनके दीर्घकालिक स्वास्थ्य संरक्षण के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रांति पर ध्यान न दें तथा अपनी पात्र बालिकाओं का टीकाकरण अवश्य कराएं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी टीकाकरण एक प्रभावी एवं सुरक्षित उपाय है। उन्होंने जिले के सभी विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों एवं अभिभावकों से विशेष टीकाकरण सप्ताह को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग करने तथा सभी पात्र छात्राओं का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित कराने की अपील की।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बोधन सिंह परते ने बताया कि विशेष टीकाकरण सप्ताह के दौरान स्वास्थ्य विभाग एवं शिक्षा विभाग के समन्वय से जिले के सभी चिन्हित विद्यालयों में टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान स्वास्थ्य शिक्षा एवं जनजागरूकता गतिविधियां भी निरंतर संचालित की जाएंगी, जिससे अधिक से अधिक पात्र छात्राओं तक सही एवं वैज्ञानिक जानकारी पहुंच सके तथा जिले में शत-प्रतिशत पात्र बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं और सभी ने एचपीवी विशेष टीकाकरण सप्ताह को सफल बनाने का संकल्प लिया।



