
पांच उत्कृष्ट स्टॉल सम्मानित, 61 स्व-सहायता समूहों को मिले प्रशस्ति पत्र; तीन दिनों में लगभग 4 लाख रुपये का हुआ सामूहिक कारोबार
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : राजा फतेह सिंह खेल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय सरस मेला 2026 का गरिमामय समापन हुआ। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित इस मेले ने ग्रामीण महिलाओं को अपने हुनर, उत्पादों और उद्यमिता को प्रदर्शित करने के साथ उन्हें बाजार उपलब्ध कराने का सशक्त मंच प्रदान किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह शामिल हुए। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों की सक्रिय सहभागिता और उनके हुनर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर ने भी मेले को महिला स्वरोजगार एवं स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने की सराहनीय पहल बताया।
जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि सरस मेले का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को बाजार से जोड़ना तथा उन्हें स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
मेले में खाद्य सामग्री, हस्तशिल्प एवं विभिन्न प्रकार के स्थानीय उत्पादों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। तीन दिवसीय आयोजन के दौरान सभी स्व-सहायता समूहों ने मिलकर लगभग 4 लाख रुपये की सामूहिक बिक्री की। यह उपलब्धि महिला समूहों की मेहनत, हुनर और उद्यमशीलता को दर्शाती है।
समापन अवसर पर उत्पादों की गुणवत्ता, बिक्री, नवाचार एवं स्टॉल सजावट सहित विभिन्न मानकों के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच स्व-सहायता समूहों के स्टॉल को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वहीं मेले में सहभागी 61 स्व-सहायता समूहों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके प्रयासों की सराहना की गई। बिहान टीम की ओर से अतिथियों को स्थानीय उत्पादों से सजी आकर्षक टोकरियां भी भेंट की गईं।
सांस्कृतिक संध्या में हर्ष चंद्राकर एवं उनकी टीम ने पंडवानी की शानदार प्रस्तुति दी। वहीं आशुतोष एवं उनके साथी रॉक बैंड की संगीतमय प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन को यादगार बना दिया।
समारोह में जनपद पंचायत अध्यक्ष राजेश्वरी शैलेन्द्र त्रिपाठी, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, जनपद उपाध्यक्ष लखन साहू, पूर्व सभापति धम्मन साहू, डॉ. बिसेसर साहू, शैलेन्द्र त्रिपाठी एवं शैलेन्द्र मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा एनआरएलएम योजना के समस्त अधिकारी-कर्मचारी, पीआरपी, कैडर, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, बिहान टीम के सदस्य, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही।
सरस मेले ने एक बार फिर साबित किया कि ग्रामीण महिलाओं का हुनर केवल आत्मनिर्भरता का माध्यम ही नहीं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की भी बड़ी ताकत है।



