खास खबरछत्तीसगढ़बेमेतरा

जिला पंचायत की सहकारिता एवं उद्योग स्थायी समिति की चतुर्थ बैठक संपन्न, विभागीय योजनाओं की हुई समीक्षा

धान खरीदी की तैयारियों, खाद की उपलब्धता, स्मार्ट पीडीएस और औद्योगिक विकास पर हुई चर्चा

26 नवीन सहकारी समितियों और 64 धान उपार्जन केंद्रों की दी गई जानकारी, छुईखदान के पान को जीआई टैग दिलाने के प्रयासों पर भी चर्चा

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ // जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की सहकारिता एवं उद्योग स्थायी समिति की चतुर्थ बैठक जिला पंचायत कार्यालय स्थित मैकल सदन सभाकक्ष में आयोजित की गई।

बैठक में समिति की सभापति  जमुना नरेश कुर्रे, जिला पंचायत सदस्य श्री ललित चोपड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान सहकारिता, खाद्य, जिला विपणन, मत्स्य पालन, रेशम पालन एवं उद्योग विभाग की योजनाओं, गतिविधियों तथा विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


बैठक में सहकारिता विभाग ने बताया कि जिले में 26 नवीन सहकारी समितियों का गठन किया गया है तथा किसानों की सुविधा के लिए 64 धान उपार्जन केंद्र निर्धारित किए गए हैं। आगामी 15 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ करने की योजना के मद्देनजर समिति ने सभी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं, गोदामों की उपलब्धता एवं सुरक्षित भंडारण की तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया।


खाद्य विभाग की समीक्षा के दौरान स्मार्ट सार्वजनिक वितरण प्रणाली (स्मार्ट पीडीएस) के माध्यम से राशन कार्ड संबंधी ऑनलाइन आवेदन, संशोधन एवं डिजिटल हस्ताक्षरयुक्त राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। समिति ने इन सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। वहीं जिला विपणन विभाग को किसानों के लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता एवं समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने तथा धान संग्रहण केंद्रों में दर्ज शॉर्टेज की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।


मत्स्य पालन विभाग की समीक्षा में जिले की सभी मत्स्य पालन समितियों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। रेशम पालन विभाग के संबंधित अधिकारी की अनुपस्थिति पर समिति ने आपत्ति जताते हुए पत्र जारी करने तथा आगामी बैठक में विभागीय गतिविधियों, संभावनाओं एवं विस्तृत कार्ययोजना के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए।
उद्योग विभाग के महाप्रबंधक श्री प्रणय बघेल ने जिले में औद्योगिक विकास, स्वरोजगार प्रोत्साहन, एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी), निर्यात प्रोत्साहन तथा औद्योगिक मेलों में स्थानीय उद्यमियों की सहभागिता की जानकारी दी। बैठक में छुईखदान क्षेत्र के पान को भौगोलिक संकेतक (जीआई टैग) दिलाने के प्रयासों तथा स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। श्री बघेल ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) की अवधि 31 मार्च 2027 तक बढ़ाए जाने की जानकारी दी। समिति ने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों, स्व-सहायता समूहों एवं युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में सभापति श्रीमती जमुना नरेश कुर्रे ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी बैठक में सभी अधिकारियों को अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन एवं कार्ययोजना के साथ उपस्थित रहने को कहा। अंत में उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button