
दिव्यांगजनों को मिला सहायक उपकरणों का संबल, दैनिक जीवन होगा आसान
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके दैनिक जीवन की कठिनाइयों को कम करने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग द्वारा पात्र हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले के तीन दिव्यांग हितग्राहियों को उनकी आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार ने सांसद प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल तथा समाज कल्याण विभाग के सहायक संचालक कमलेश कुमार पटेल की उपस्थिति में हितग्राहियों को उपकरण वितरित किए।
वितरण के दौरान मोहगांव निवासी दिनेश्वरी वर्मा को मोटराइज्ड ट्रायसायकल प्रदान की गई। वहीं, कटंगी (गंडई) निवासी लेखराम एवं खपरी तेली निवासी देउक राम साहू को श्रवण यंत्र वितरित किए गए। इन उपकरणों से हितग्राहियों को आवागमन, दैनिक गतिविधियों और संवाद में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
सहायक उपकरणों से बढ़ेगी आत्मनिर्भरता
सहायक उपकरण दिव्यांगजनों के लिए केवल सुविधा का साधन नहीं, बल्कि उनकी स्वतंत्रता, गतिशीलता और आत्मनिर्भरता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। मोटराइज्ड ट्रायसायकल से आवागमन आसान होगा, वहीं श्रवण यंत्रों की मदद से सुनने और संवाद करने में सहूलियत मिलेगी।
समाज कल्याण विभाग की इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों की जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित करना है। ऐसे प्रयास दिव्यांगजनों की दैनिक कठिनाइयों को कम करने, उनकी सामाजिक भागीदारी बढ़ाने तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



