
जल जीवन मिशन से 189 परिवारों को घर पर मिल रहा स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 14 सितंबर 2026// जल जीवन मिशन के तहत विकासखंड खैरागढ़ के ग्राम रुसे में हर घर नल से जल पहुंचाने की पहल ने ग्रामीणों के जीवन को आसान बनाया है। गांव की 706 की आबादी वाले 189 परिवारों को घर-घर नल कनेक्शन के माध्यम से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
योजना के तहत गांव में 40 किलोलीटर क्षमता के उच्चस्तरीय जलागार का निर्माण तथा पाइपलाइन नेटवर्क विकसित किया गया है। पहले ग्रामीणों को पेयजल के लिए दूर स्थित हैंडपंप और अन्य जलस्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था। इससे विशेषकर महिलाओं को पानी लाने में समय और मेहनत लगती थी। अब घर में ही नल से पानी मिलने से यह परेशानी काफी कम हुई है।
गांव में सुबह करीब 3 घंटे और शाम को 1 घंटा 30 मिनट नियमित रूप से जलापूर्ति की जा रही है। इससे ग्रामीण परिवारों को सुविधा मिलने के साथ महिलाओं और बच्चों के समय की बचत हो रही है। स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से ग्रामीणों में स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है।
ग्राम की जल एवं स्वच्छता समिति (VWSC) तथा ग्रामीणों की सहभागिता से योजना के संचालन और रखरखाव को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्राम रुसे में जल जीवन मिशन ने पेयजल की सुविधा को घर की दहलीज तक पहुंचाकर ग्रामीण जीवन में सुविधा और स्वास्थ्य की दिशा में सकारात्मक बदलाव लाया है।
ग्राम की महिला सुशीला ने कहा कि, “अब हर घर में नियमित नल से जल मिलने से खुशहाली की बहार आई है।”



