
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 29 सितम्बर 2026 // जिले में धार्मिक स्थलों तक बेहतर पहुंच और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से किए गए अधोसंरचना विकास का लाभ अब मां भवानी मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और आसपास के ग्रामीणों को मिल रहा है। मुख्य मार्ग से मां भवानी मंदिर प्रांगण तक 2.50 किलोमीटर लंबी सड़क चौड़ीकरण एवं सीढ़ी निर्माण का कार्य पुल-पुलिया सहित पूर्ण हो चुका है।
इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए 431.31 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। निर्माण कार्य 30 मई 2024 को पूर्ण किया गया। सड़क और सीढ़ी मार्ग के निर्माण से आसपास के 2 से 3 गांव सीधे लाभान्वित हुए हैं। यह मार्ग टोगरगढ़ एवं खैरागढ़ क्षेत्र को जिला मुख्यालय खैरागढ़-छुईखदान-गंडई से जोड़ता है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हुई है।
मंदिर तक पहुंच हुई आसान
मां भवानी मंदिर क्षेत्र धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। सड़क के चौड़ीकरण और सीढ़ी मार्ग के निर्माण से अब श्रद्धालुओं के लिए मंदिर तक पहुंचना पहले की अपेक्षा अधिक सुविधाजनक हो गया है। विशेषकर नवरात्रि के दौरान आयोजित होने वाले मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। बेहतर मार्ग और सीढ़ी सुविधा से दर्शनार्थियों को आवागमन में सहूलियत मिल रही है।
इस अधोसंरचना विकास से धार्मिक स्थल तक पहुंच सुगम होने के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क सुविधा भी मजबूत हुई है। सड़क निर्माण से ग्रामीणों के दैनिक आवागमन को सुविधा मिली है, वहीं मंदिर क्षेत्र में धार्मिक एवं दर्शनीय गतिविधियों को भी बेहतर आधार मिला है।



