राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 17 सितंबर 2026 : सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना के साथ सेवा संकल्प अभियान-2026 का जिले में भव्य शुभारंभ हुआ। अभियान के प्रथम दिवस आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत गुरुवार शाम 7 बजे खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में लगभग 2 लाख 75 हजार दीप एक साथ प्रज्ज्वलित किए गए। जिला मुख्यालय स्थित अटल गार्डन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में 8 हजार दीपों से परिसर को सजाया गया। अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा सहित जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। दीपों की रोशनी से अटल गार्डन का पूरा परिसर जगमगा उठा।
अटल गार्डन में 8 हजार दीपों से जगमगाया परिसर
अटल गार्डन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा मुख्य अतिथि रहे, जबकि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ। जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अटल गार्डन में 8 हजार दीप एक साथ प्रज्ज्वलित किए गए, जिससे पूरा परिसर आकर्षक रोशनी से जगमगा उठा।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर, जनपद पंचायत खैरागढ़ अध्यक्ष राजेश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी, जिला पंचायत सभापति अरुणा राजू सिंह, दिनेश वर्मा, जनपद पंचायत खैरागढ़ उपाध्यक्ष लखन साहू, वरिष्ठ नागरिक बिसेसर साहू, पूर्व जिला पंचायत सभापति घम्मन साहू, रूपेंद्र रजक, अजय जैन, रेखा गुप्ता, शशांक ताम्रकार, गोरेलाल वर्मा, तीरथ चंदेल, रामाधार रजक, विकेश गुप्ता, आयश सिंह, खेमराज जैन, शैलेन्द्र मिश्रा, शैलेन्द्र त्रिपाठी, नीलिमा गोस्वामी, वंदना टांडेकर, नीलम सिंह राजपूत, प्रीति यादव सहित जनप्रतिनिधि एवं जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी प्रेम कुमार पटेल भी उपस्थित रहे।
221 ग्राम पंचायतों से नगरीय क्षेत्रों तक एक साथ जले दीप
कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन में जिला प्रशासन ने ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को जिले के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, विभिन्न संस्थाओं, महिला एवं युवा समूहों तथा ग्राम संगठनों को जोड़ा।
ग्राम पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अमृत सरोवरों, स्वास्थ्य केंद्रों, शासकीय कार्यालयों, अटल चौक, ग्राम संगठनों और स्वच्छता समूहों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित किए गए। शहीद स्मारकों, पुलिस थानों, कैंपों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी दीपों की श्रृंखला सजाई गई।
नगर पालिका परिषद खैरागढ़ तथा नगर पंचायत छुईखदान और गंडई के प्रमुख स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, महिला समूहों, युवा समूहों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शाम 7 बजे अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दीप जलने से गांवों से लेकर शहर तक रोशनी का मनोहारी दृश्य दिखाई दिया।
जिले में प्रज्ज्वलित किए गए लगभग 2 लाख 75 हजार दीपों में नगरीय निकायों, 221 ग्राम पंचायतों तथा जिला मुख्यालय के अटल गार्डन में प्रज्ज्वलित दीप शामिल रहे। इनमें नगर पालिका परिषद खैरागढ़ में 15 हजार, नगर पंचायत छुईखदान में 5 हजार, नगर पंचायत गंडई में 5 हजार तथा अटल गार्डन में 8 हजार दीप शामिल हैं। ग्राम पंचायतों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
सेवा संकल्प अभियान-2026 के प्रथम दिवस का यह आयोजन सेवा, समर्पण और सामूहिक सहभागिता की भावना को अभिव्यक्त करने वाला रहा। जिले के विभिन्न हिस्सों में एक साथ प्रज्ज्वलित हुए दीपों से गांव से शहर तक रोशनी का मनोहारी दृश्य दिखाई दिया और सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत व्यापक जनभागीदारी के साथ हुई।



