राज नेशनल न्यूज़ दुर्ग : ताम्रकार युवक समाज, दुर्ग द्वारा समाज के सर्वांगीण विकास और संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से समाज के सभी परिवारों से महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की गई है। समाज की ओर से जारी सूचना में परिवार जनगणना प्रपत्र जमा करने, पूर्व में जमा प्रपत्रों में आवश्यक संशोधन कराने, समाज के व्यवसायों के प्रचार-प्रसार के लिए जानकारी उपलब्ध कराने तथा मेधावी विद्यार्थियों का विवरण भेजने का आग्रह किया गया है।
समाज पदाधिकारियों ने बताया कि जिन परिवारों ने अभी तक जनगणना प्रपत्र जमा नहीं किया है, वे शीघ्र प्रपत्र भरकर संबंधित पदाधिकारियों को उपलब्ध कराएं। वहीं जन्म, मृत्यु, विवाह अथवा अन्य किसी जानकारी में परिवर्तन होने पर उसका संशोधन भी कराया जा सकता है।
इसके साथ ही ताम्रकार समाज के व्यवसायियों से अपने प्रतिष्ठान, उद्योग अथवा सेवा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की गई है, ताकि समाज की वेबसाइट एवं अन्य माध्यमों से उनका प्रचार-प्रसार किया जा सके। वहीं वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक कक्षा 10वीं, 12वीं एवं उच्च शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों से भी अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी निर्धारित माध्यम से भेजने का अनुरोध किया गया है।
ताम्रकार युवक समाज, दुर्ग ने सभी समाजजनों से अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि यह अभियान समाज को संगठित, सशक्त एवं भावी पीढ़ी के लिए उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।



