
खैरागढ़। आगामी गणेश विसर्जन और गणेशोत्सव के मद्देनजर शहर में शांति, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को शहर के विभिन्न गणेश पंडालों का निरीक्षण किया। निरीक्षण का नेतृत्व कलेक्टर इंद्रजीत चंद्रवाल और पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा ने किया।
इस दौरान एसडीएम टंकेश्वर साहू, पुलिस विभाग के अनुविभागीय अधिकारी सहित थाना खैरागढ़ पुलिस की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं और पंडालों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन के मार्ग, श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
समितियों को सुरक्षा के संबंध में दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान आयोजन समितियों से चर्चा कर पंडालों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए। विद्युत तारों और कनेक्शनों को सुरक्षित रखने, ज्वलनशील सामग्री को सुरक्षित स्थान पर रखने तथा आगजनी जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित करने कहा गया।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पंडालों के आसपास यातायात व्यवस्था बाधित नहीं करने और सार्वजनिक मार्गों पर अनावश्यक अवरोध नहीं करने के निर्देश भी दिए गए।
विसर्जन जुलूस में अनुशासन बनाए रखने की अपील
आगामी गणेश विसर्जन को लेकर आयोजन समितियों को विशेष सावधानी बरतने कहा गया। विसर्जन जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग का पालन करने, अनुशासन बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित रखने के निर्देश दिए गए। किसी भी अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को देने की अपील की गई।
नदी, तालाब और अन्य जलस्रोतों के आसपास विसर्जन के दौरान सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था और दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए भी कहा गया।
अधिकारियों ने की पैदल गश्त
निरीक्षण के दौरान प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने शहर के प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों और गणेश पंडालों के आसपास पैदल गश्त की। अधिकारियों ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और आम नागरिकों से गणेशोत्सव शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
प्रशासन एवं पुलिस ने आयोजन समितियों, श्रद्धालुओं और नागरिकों से अफवाह, विवाद एवं हुड़दंग से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने कहा। अधिकारियों ने बताया कि गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन एवं पुलिस की प्राथमिकता है। आयोजन समितियों से विसर्जन तक प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की गई।



