KCGखास खबरछत्तीसगढ़

पशु तस्करी पर साल्हेवारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 भैंस-भैंसी और दो पिकअप जब्त

राज नेशनल न्यूज़ साल्हेवारा :  जिला केसीजी पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10 भैंस-भैंसी, दो पिकअप वाहन और चार मोबाइल फोन सहित करीब 12.08 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। आरोपी मवेशियों को बिना चारा-पानी के वाहनों में ठूंसकर क्रूरता पूर्वक नागपुर की ओर ले जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार 21 अगस्त को थाना साल्हेवारा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप वाहनों में मवेशियों को भरकर नागपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने थाना साल्हेवारा के सामने नाकाबंदी की। जांच के दौरान पिकअप क्रमांक MP 50-G-2381 को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 6 भैंस-भैंसी क्रूरता पूर्वक भरी मिलीं। वाहन में सवार अमन मेरावी और अजय वीके, दोनों निवासी बालाघाट (मध्यप्रदेश), मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसी तरह दूसरे मामले में पिकअप क्रमांक CG 22-X-0378 की जांच करने पर उसमें 4 भैंस-भैंसी व पड़वा क्रूरता पूर्वक भरे मिले। वाहन में सवार हरिशंकर ध्रुव और उमेश कुमार साहू, निवासी बलौदाबाजार, भी मवेशियों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस के अनुसार मवेशियों को बिना चारा-पानी के वाहन में ठूंसकर तिरपाल से ढककर ले जाया जा रहा था।
दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 10 मवेशी, दो पिकअप वाहन और चार मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त मवेशियों की अनुमानित कीमत 1.75 लाख रुपए, पिकअप वाहनों की कीमत करीब 10 लाख रुपए तथा मोबाइल फोन की कीमत करीब 33 हजार रुपए बताई गई है। कुल जब्ती करीब 12 लाख 8 हजार रुपए की है।
पुलिस ने थाना साल्हेवारा में अपराध क्रमांक 27/2026 एवं 28/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192 के तहत कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आदेशानुसार उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पशु तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button