राज नेशनल न्यूज़ गंडई : नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को परीक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी और व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से नवप्रयास गंडई एवं लक्ष्य छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गंडई में मॉक टेस्ट का आयोजन किया गया। इसमें आसपास के क्षेत्रों से 236 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
28 नवंबर को आयोजित होने वाली नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के मद्देनजर विद्यार्थियों को परीक्षा प्रबंधन की बारीकियों से अवगत कराया गया। इस दौरान बच्चों को समय प्रबंधन, ओएमआर शीट भरने की सही प्रक्रिया तथा प्रश्नपत्र को निर्धारित समय में हल करने का अभ्यास कराया गया, ताकि वास्तविक परीक्षा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मॉक टेस्ट में बेहतर प्रदर्शन करने वाले टॉप-15 विद्यार्थियों को पानी की बोतल भेंटकर प्रोत्साहित किया गया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के अभ्यास से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें वास्तविक परीक्षा के माहौल को समझने का अवसर मिलता है।
इस अवसर पर नवप्रयास गंडई के संयोजक कौशल सिंह राजपूत, संस्था के प्रधानपाठक अशोक चंदेल, भागचंद साहू, उज्जवल नामदेव, भिखेन्द्र जंघेल, महेश वर्मा, पुर्णेश वैष्णव, दीपक मिश्रा, जगदीश पटेल, मायाराम राठौर, पुनेश्वर देवांगन, बिरेंद्र वर्मा, खेमशंकर साहू, खेमलाल जंघेल, मो. गौरी खान, हीरामन साहू, सरोज जंघेल एवं नारायण वर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।



