राज नेशनल न्यूज़ साल्हेवारा : मेरा युवा भारत (खेल एवं युवा कार्यक्रम, भारत सरकार), खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के तत्वावधान में रानी दुर्गावती शासकीय महाविद्यालय, साल्हेवारा में आस-पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘नशामुक्त युवा भारत, विकसित भारत’ रहा, जिसके माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
राजनांदगांव के जिला युवा अधिकारी शुभजीत डेय के मार्गदर्शन में छुईखदान विकासखंड के नेशनल यूथ वॉलंटियर शिव कुमार गात्रेकर ने कार्यक्रम का संचालन किया। आयोजन की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। विशिष्ट अतिथियों में सांसद प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार, जिला पंचायत सदस्य हेमलता मंडावी, निजाम मंडावी और वरिष्ठ पत्रकार शुक्ला उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य नीतू डोंगरे ने की।
विशेषज्ञों ने दिए नशामुक्ति और जागरूकता के सुझाव
विभिन्न विभागों और सामाजिक क्षेत्रों से आए वक्ताओं ने विद्यार्थियों को संबोधित किया:
- स्वास्थ्य विभाग: राजनांदगांव शासकीय चिकित्सालय के डॉ. प्रकाश खुंटे (एम.डी.) ने नशे के शारीरिक व मानसिक दुष्प्रभावों और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले असर की जानकारी दी।
- शिक्षा विभाग: राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक तुलेश्वर सेन ने नशामुक्ति, शिक्षा और जागरूक समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विचार रखे।
- पुलिस विभाग: साल्हेवारा थाना प्रभारी सीताराम सागर ने युवाओं को अनुशासन, कानून की जानकारी और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
- समाजसेवा व आपदा प्रबंधन: समाजसेवी मनोज साहू ने सामाजिक जिम्मेदारियों व सकारात्मक बदलाव पर बात की, वहीं आपदा नियंत्रण एवं प्रबंधन विभाग के मिथलेश पटेल ने आपदा सुरक्षा और जागरूकता से जुड़ी अहम जानकारियां साझा कीं।
जागरूकता गतिविधियां और सामूहिक शपथ
नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रम के दौरान संवाद सत्र, नशामुक्ति जागरूकता फ्लेक्स प्रदर्शन, हस्ताक्षर अभियान और स्लोगन बॉक्स गतिविधि आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने हस्ताक्षर अभियान और नारों के माध्यम से नशे से दूर रहने व दूसरों को जागरूक करने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि प्रियंका खम्हन ताम्रकार की मौजूदगी में अतिथियों, विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों ने नशामुक्ति की सामूहिक शपथ ली। इस दौरान छुईखदान विकासखंड के शिव कुमार गात्रेकर ने युवाओं को मेरा युवा भारत के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली, नेतृत्व विकास व उपलब्ध अवसरों की जानकारी देते हुए इससे जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, वक्ताओं, विद्यार्थियों और महाविद्यालय को मोमेंटो, पुष्पगुच्छ, तिलक और बैज लगाकर सम्मानित किया गया।



