राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : आगामी नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 की तैयारियों में लापरवाही बरतना शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला भंडारपुर के प्राचार्य और एक कर्मचारी को भारी पड़ गया। जिला शिक्षा अधिकारी खैरागढ़-छुईखदान-गंडई ने सख्त रुख अपनाते हुए दोनों का नवंबर 2026 का वेतन रोकने का आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार निर्वाचन कार्य को ध्यान में रखते हुए जिले के समस्त आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को अपने कार्यालयों, स्कूलों एवं अधीनस्थ संस्थाओं में कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों की सूची निर्धारित प्रारूप में हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके लिए पूर्व में 13 नवंबर 2026 को पत्र जारी कर जानकारी प्रस्तुत करने कहा गया था।
इसके बावजूद शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला भंडारपुर के प्राचार्य अगुनदास बघेल एवं सहायक ग्रेड-2 पुरुषोत्तम भट्ट द्वारा निर्धारित समय तक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। बताया गया है कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा व्हाट्सएप के माध्यम से बार-बार स्मरण कराने के बाद भी संबंधित जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को प्राप्त नहीं हुई।
आदेश में इस लापरवाही को निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध कार्य के प्रति उदासीनता और कार्यालयीन निर्देशों की अवहेलना माना गया है। साथ ही इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 के विपरीत बताया गया है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी के प्रतिवेदन के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने प्राचार्य अगुनदास बघेल एवं सहायक ग्रेड-2 पुरुषोत्तम भट्ट का माह नवंबर 2026 का वेतन रोकने के निर्देश जारी किए हैं।
निर्वाचन कार्य में लापरवाही पर प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश है कि शासकीय कार्यों, विशेषकर निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों में किसी भी प्रकार की उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


