KCGखास खबरछत्तीसगढ़

जिले के सेवा सेतु केंद्रों में राशन कार्ड संबंधी नई ऑनलाइन सेवाएं शुरू

राज नेशनल न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार खैरागढ़ : जिले के नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, सुगम एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से राशन कार्ड संबंधी नई ऑनलाइन सेवाएं शुरू की गई हैं। इन सेवाओं के प्रभावी संचालन एवं क्रियान्वयन के लिए जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी सेवा सेतु (सीएससी) केंद्र संचालकों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को राशन कार्ड संबंधी नवीन ऑनलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अब नागरिक राशन कार्ड में नया सदस्य जोड़ने, सदस्य का नाम विलोपित कराने (नाम हटाने) तथा अन्य राशन कार्ड संबंधी कार्यों के लिए अपने निकटतम सेवा सेतु केंद्र में ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इससे लोगों को विभागीय कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और सेवाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से प्राप्त होगा।

प्रशिक्षण के दौरान ऑपरेटरों को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, पात्रता मापदंड, पोर्टल संचालन, सेवा प्रदाय प्रणाली, आवेदन निस्तारण की समय-सीमा तथा शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही विवाह प्रमाण पत्र एवं नाम परिवर्तन के लिए साधारण राजपत्र अधिसूचना की ऑनलाइन प्रक्रिया का भी व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर मिथलेश ठाकुर ने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। राशन कार्ड संबंधी नई सेवाओं के प्रारंभ होने से नाम जोड़ने एवं नाम विलोपन जैसी प्रक्रियाएं अधिक सरल, सुगम और पारदर्शी बनेंगी। उन्होंने कहा कि सभी सेवा सेतु केंद्र संचालकों को नवीन सेवाओं के संचालन एवं ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया है, जिससे आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि सेवा सेतु पोर्टल पर प्राप्त सभी आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा उनके पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने ऑपरेटरों को निर्देशित किया कि पोर्टल पर केवल स्पष्ट एवं प्रमाणित दस्तावेज ही अपलोड किए जाएं तथा किसी भी स्थिति में अपूर्ण या त्रुटिपूर्ण दस्तावेज स्वीकार न किए जाएं, ताकि आवेदनों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो।

कलेक्टर  इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि सेवा सेतु केंद्रों का उद्देश्य शासन की सेवाओं को आमजन के घर के नजदीक पहुंचाना है। नई ऑनलाइन सेवाओं के शुरू होने से राशन कार्ड संबंधी कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी, प्रक्रिया आसान होगी और नागरिकों को त्वरित सुविधा प्राप्त होगी।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे राशन कार्ड संबंधी सेवाओं का लाभ लेने के लिए अपने निकटतम सेवा सेतु केंद्र में आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करें तथा शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई इस जनहितैषी व्यवस्था का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर पूजा पींचा, सहायक खाद्य अधिकारी भुनेश्वर चेलक, ई-डिस्ट्रिक्ट कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी सहित जिले के सभी सेवा सेतु (सीएससी) केंद्रों के संचालक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अधिकारियों द्वारा नवीन सेवाओं के संचालन, आवेदन प्रक्रिया की तकनीकी जानकारी तथा नागरिकों को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button