बिचारपुर में किसानों के साथ बैठक, 55 गांवों के विस्थापन का किया विरोध

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई : भारतीय किसान संघ जिला अध्यक्ष हर्ष दशरिया द्वारा प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में प्रस्तावित श्री सीमेंट फैक्ट्री के विरोध में भारतीय किसान संघ, KCG ने किसानों के साथ खड़े होने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में आज ग्राम बिचारपुर, जहां प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री लगाए जाने की बात सामने आई है, में भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने किसानों के साथ बैठक की।
बैठक में क्षेत्र के प्रभावित किसानों ने फैक्ट्री स्थापना से होने वाले संभावित विस्थापन, कृषि भूमि एवं गांवों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर अपनी चिंताएं रखीं। किसानों की समस्याओं और उनकी बातों को सुनने के बाद भारतीय किसान संघ ने स्पष्ट रूप से कहा कि विकास के नाम पर किसानों के हितों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।

भारतीय किसान संघ ने कहा कि एक फैक्ट्री की स्थापना के लिए लगभग 55 गांवों के लोगों को विस्थापित करना उचित नहीं है। हजारों किसानों और ग्रामीण परिवारों की जमीन, आजीविका और वर्षों से बसे गांवों को उजाड़कर किया जाने वाला विकास किसानों के हित में नहीं हो सकता।
संघ ने किसानों को भरोसा दिलाया कि भारतीय किसान संघ इस मुद्दे पर किसानों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा तथा प्रभावित किसानों की सहमति, उनकी भूमि, आजीविका और भविष्य को ध्यान में रखे बिना किसी भी निर्णय का विरोध किया जाएगा।
बैठक में भारतीय किसान संघ के अदिति कश्यप (प्रदेश महिला प्रमुख भा कि स) संजय साहू प्रदेश मीडिया प्रभारी, हर्ष दशरिया (अध्यक्ष भा कि संघ जिला- के सी जी) शिवनंदन जंघेल (मंत्री), पदमा वर्मा महिला प्रमुख जिला केसीजी, किशोर जंघेल पदाधिकारियों के साथ गिरवर जंघेल पूर्व विधायक, मोतीलाल जंघेल संरक्षक, राजकुमार जंघेल श्रवण जंघेल बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। संघ ने आगामी दिनों में किसानों के साथ चर्चा कर आंदोलन की आगे की रणनीति तय करने की बात कही।



