KCGखास खबरछत्तीसगढ़

शिक्षकों की कमी से प्रभावित हो रही पढ़ाई, ABVP ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

रिपोर्टिंग रिंकू पाण्डेय साल्हेवारा

10 दिन में विषयवार शिक्षकों की व्यवस्था नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

राज नेशनल न्यूज़ साल्हेवारा : वनांचल क्षेत्र साल्हेवारा स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी/अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में शिक्षकों की कमी का मामला सामने आया है। विद्यार्थियों की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित होने की समस्या को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) इकाई साल्हेवारा ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर जल्द शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की है।


ABVP कार्यकर्ताओं ने बताया कि विद्यालय में लंबे समय से अर्थशास्त्र, राजनीतिक विज्ञान, संस्कृत, अंग्रेजी, हिंदी और रसायन विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों की कमी बनी हुई है। पर्याप्त शिक्षक नहीं होने के कारण विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसका असर उनकी परीक्षा की तैयारी और परिणाम पर भी पड़ सकता है।


परिषद ने बताया कि शिक्षकों की व्यवस्था को लेकर पूर्व में विकासखंड शिक्षा अधिकारी को भी ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए विद्यालय में सभी आवश्यक विषयों के पर्याप्त एवं योग्य शिक्षकों की व्यवस्था तत्काल किए जाने की मांग की गई है।


ज्ञापन में जिला प्रशासन से 10 दिवस के भीतर शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है। ABVP ने कहा कि निर्धारित समयावधि में समस्या का निराकरण नहीं होने पर विद्यार्थियों के हित में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन किया जाएगा।

इस अवसर पर कीर्तन यादव सहित ABVP इकाई साल्हेवारा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सेवा सेतु अभियान के तहत परिवार ने किया रक्तदान
इधर, साल्हेवारा में सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत रक्तदान महादान की प्रेरणा से रक्तदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान दिलीप शुक्ला, उषा शुक्ला, उनके पुत्रों सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने रक्तदान किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रकाश वर्मा (MBBS) एवं पैथोलॉजिस्ट प्रवीण गायकवाड़ के मार्गदर्शन में रक्तदान के प्रति लोगों को प्रेरित किया गया। आयोजन के माध्यम से लोगों को जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए नियमित रक्तदान करने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button