राज नेशनल न्यूज़ डुंडेरा/रिसाली, 26 अगस्त 2026 : स्वयंसेवी संस्था हितवा संगवारी (डुंडेरा) द्वारा बुधवार को डुंडेरा, रिसाली में प्रकृति वंदन, पौधारोपण एवं वृक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ ही पौधों के संरक्षण का संकल्प लेना रहा।
संस्था द्वारा पिछले कई वर्षों से पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में ग्राम कुथरेल निवासी श्यामलाल चंद्राकर एवं गीता चंद्राकर द्वारा अपने परिवारजनों स्वर्गीय अरविंद चंद्राकर, प्राची चंद्राकर, अक्षत एवं दर्श चंद्राकर की स्मृति में संस्था के सहयोग से “प्राची वाटिका” का निर्माण कराया गया है। वाटिका में लगाए गए पौधों की सुरक्षा के लिए फेंसिंग तथा जल-संचयन के लिए प्रत्येक पौधे के समीप गड्ढों की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रकृति पूजन से हुई। इसके बाद विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया तथा पौधों को रक्षा-सूत्र बांधकर वृक्षाबंधन किया गया। इस दौरान नीम, बेल, जामुन, कचनार, सिंदूर, आंवला, पीपल, बरगद सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम में दुर्ग विभाग संपर्क प्रमुख संदीप ताम्रकार, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि जिला संयोजक डॉ. अनुज नारद, जिला टोली सदस्य कृष्णा सिंह, प्रेम नारायण वर्मा सहित वरिष्ठ समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा मुकेश ताड़ी, निखिलेश कुमार वर्मा, राजेश चंद्राकर, महेंद्र कुमार देवांगन सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, पौधों की सुरक्षा एवं आगामी पीढ़ियों के लिए हरित वातावरण तैयार करने का संदेश दिया गया। परिवारजनों की स्मृति में लगाए गए पौधों को संरक्षित करने की पहल ने कार्यक्रम को विशेष भावनात्मक एवं सामाजिक महत्व प्रदान किया।
“स्मृतियों को वृक्षों से जोड़ना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकृति संरक्षण का जीवंत संदेश है।”



