राज नेशनल न्यूज़ / खैरागढ़ : विकासखंड खैरागढ़ के ग्राम पंचायत भरदाकला में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित हाई स्कूल भवन का लोकार्पण हुए लगभग एक वर्ष बीत चुका है, लेकिन आज तक भवन में नियमित कक्षाएं प्रारंभ नहीं हो सकी हैं। बिजली और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में नया भवन उपयोग की प्रतीक्षा कर रहा है, जबकि छात्र-छात्राओं को पुराने मिडिल स्कूल परिसर में सीमित संसाधनों के बीच पढ़ाई करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
जिला पंचायत के पूर्व सभापति विप्लव साहू ने अपने नियमित जनसंपर्क दौरे के दौरान भरदाकला स्थित नए हाई स्कूल भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि भवन में आज तक बिजली कनेक्शन नहीं दिया गया है तथा विद्यार्थियों के लिए शौचालय की समुचित व्यवस्था भी नहीं है। इन्हीं कारणों से शिक्षा विभाग द्वारा नए भवन में कक्षाएं संचालित नहीं की जा रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार शिक्षा विभाग एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। विभागीय उदासीनता के कारण ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
लंबे समय से बंद पड़े भवन की स्थिति भी अब खराब होने लगी है। भवन में लगे टाइल्स, फिटिंग्स तथा अन्य निर्माण सामग्री रखरखाव के अभाव में क्षतिग्रस्त होने लगी है, जिससे करोड़ों रुपये की शासकीय संपत्ति के नुकसान की आशंका बढ़ गई है।
वर्तमान में हाई स्कूल की कक्षाएं पुराने मिडिल स्कूल परिसर में संचालित की जा रही हैं। सीमित स्थान के कारण विद्यार्थियों को बैठने, अध्ययन करने तथा अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षकों के अनुसार पर्याप्त कक्ष एवं संसाधनों के अभाव में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण प्रभावित हो रहा है, जिसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और उनके भविष्य पर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नए हाई स्कूल भवन में तत्काल बिजली आपूर्ति, शौचालय सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराकर नियमित कक्षाएं प्रारंभ कराई जाएं। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो शासन की महत्वपूर्ण शैक्षणिक योजना का उद्देश्य अधूरा रह जाएगा और क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा का लाभ नहीं मिल पाएगा।



