
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना खैरागढ़ में प्रार्थी ऋषभ सिंह निवासी ग्राम चिखलदाह, थाना एवं तहसील खैरागढ़, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई ने थाना खैरागढ़ में शिकायत दर्ज कराई कि कृषि कार्य हेतु खाद एवं कृषि दवाई खरीदने के लिए उसने मोबाइल नंबर 7042419459, 9217808893, 8630060332 एवं 9217745330 पर संपर्क किया। आरोपियों ने स्वयं को खाद एवं कृषि दवाई सप्लायर बताकर व्हाट्सएप एवं मोबाइल कॉल के माध्यम से ऑर्डर लिया तथा विभिन्न किश्तों में कुल ₹5,40,000 अपने बैंक खातों में ऑनलाइन जमा करा लिए। राशि प्राप्त होने के बाद आरोपियों ने न तो खाद एवं कृषि दवाई की आपूर्ति की और न ही भुगतान की गई राशि वापस की। इसके बाद उन्होंने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए तथा प्रार्थी से संपर्क समाप्त कर दिया।
शिकायत की जांच उपरांत प्रथम दृष्टया साइबर धोखाधड़ी पाए जाने पर थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 151/2026 पंजीबद्ध कर धारा 318(4) BNS एवं 66D सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम, 2008 के तहत विवेचना प्रारंभ की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना खैरागढ़ एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की लोकेशन जिला मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) प्राप्त हुई। पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से दबिश देकर आरोपी अनुरुद्ध कुमार पिता दयाराम कश्यप, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम नगला लछी, थाना किसनी, पोस्ट शमशेरगंज, जिला मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से जप्त सामग्री-:
(A)12 नग विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड
(B)02 नग बैंक पासबुक
(C)01 नग घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन
बरामद कर विधिवत जप्त किया गया। पूछताछ के आधार पर मामले से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं बैंक खातों के संबंध में जानकारी एकत्रित की जा रही है। आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। प्रकरण में अन्य आरोपियों की तलाश एवं साइबर फ्रॉड नेटवर्क की जांच जारी है।
जिला केसीजी पुलिस टीम की अपील-:
केसीजी पुलिस आम नागरिकों, विशेषकर किसानों से अपील करती है कि खाद, बीज, कृषि दवाई अथवा अन्य कृषि सामग्री की ऑनलाइन खरीदारी करते समय कंपनी एवं विक्रेता की सत्यता की पूर्ण जांच अवश्य करें। किसी भी अनजान मोबाइल नंबर या सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त आकर्षक ऑफर पर विश्वास कर अग्रिम भुगतान न करें।यदि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का शिकार हों, तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930, www.cybercrime.gov.in� अथवा निकटतम पुलिस थाना/साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी गई राशि को सुरक्षित कराने एवं आरोपियों तक शीघ्र पहुंचने में सहायता मिलती है।


