KCGखास खबरछत्तीसगढ़

स्मार्टफोन प्राइवेसी और सुरक्षित ब्राउज़िंग को लेकर साइबर जागृति अभियान

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, 6 सितंबर 2026 : जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संचालित साइबर जागृति अभियान के चौथे सप्ताह के दूसरे दिन विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान “स्मार्टफोन प्राइवेसी एवं सेफ ब्राउज़िंग” थीम पर नागरिकों को साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी गई।

अभियान के तहत महिला कॉलेजों एवं विभिन्न सामुदायिक समूहों के बीच पहुंचकर लोगों को स्मार्टफोन की प्राइवेसी, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में मोबाइल की प्राइवेसी सेटिंग्स, मजबूत पासवर्ड, 2-फैक्टर ऑथेंटिकेशन, सुरक्षित ब्राउज़िंग सहित संदिग्ध लिंक और वेबसाइट से बचने के उपाय बताए गए।

सोशल मीडिया पर निजी एवं संवेदनशील जानकारी साझा करते समय सावधानी बरतने की समझाइश भी दी गई। इसके साथ ही OTP, KYC अपडेट, फर्जी लिंक, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ऑनलाइन शॉपिंग और डिजिटल पेमेंट फ्रॉड जैसे साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों के प्रति सतर्क रहने की जानकारी दी गई।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि OTP, PIN, CVV, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें और अनजान व्यक्तियों द्वारा भेजे गए लिंक अथवा संदेशों से सावधान रहें।

साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने तथा www.cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई और अपने परिवार, आसपास के लोगों तथा समुदाय को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम तथा आमजन को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से “साइबर जागृति अभियान” लगातार संचालित किया जा रहा है।

जागरूक बनें, सतर्क रहें—साइबर अपराध से सुरक्षित रहें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button