KCGखास खबरछत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से किसानों को मिली राहत, फसल बीमा की दावा राशि का हुआ भुगतान

राज नेशनल न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार खैरागढ़ : जिले में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन किसानों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रही है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत दावा राशि प्राप्त नहीं होने संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग ने संबंधित बीमा कंपनी के साथ समन्वय स्थापित कर पात्र किसानों को उनकी स्वीकृत दावा राशि का भुगतान सुनिश्चित कराया है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण के दौरान प्रत्येक प्रकरण की गंभीरतापूर्वक जांच की गई। आवश्यक दस्तावेजों एवं अभिलेखों के सत्यापन के उपरांत विकासखंड छुईखदान के ग्राम चोभर निवासी कृषक  हरी पटेल को ₹4,283, ग्राम सलौनी निवासी दुलरवा वर्मा को ₹58,623 तथा विकासखंड खैरागढ़ के ग्राम चारभाठा निवासी  धनसिंह को ₹21,039 की दावा राशि उनके बैंक खातों में अंतरित की गई। दावा राशि प्राप्त होने से किसानों को आर्थिक राहत मिली है।

जिला प्रशासन ने बताया कि शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा संबंधित विभागों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए गए हैं, जिससे आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित हो सके।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं, प्रतिकूल मौसम तथा अन्य कारणों से होने वाले फसल नुकसान के विरुद्ध आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। शिकायतों के त्वरित निराकरण से किसानों का शासन की योजनाओं के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है तथा उन्हें समय पर राहत उपलब्ध हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button