राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत बुधवार को आमनेर नदी तट स्थित शनि मंदिर के पास ‘सेवा मेरा योगदान एवं स्वच्छता ही सेवा’ गतिविधि का आयोजन किया गया। अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों ने नदी तट और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला वनमंडलाधिकारी (DFO), नगरपालिका अध्यक्ष खैरागढ़ सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने मिलकर नदी तट की साफ-सफाई की और नागरिकों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर खैरागढ़ का निर्माण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी से संचालित ऐसे अभियान स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अभियान के माध्यम से नागरिकों से नदी-नालों, तालाबों एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की गई। ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ आयोजित इस अभियान में लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।



