
जालबांधा क्षेत्र में किराना व खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच, स्वच्छता और खाद्य पंजीयन अद्यतन रखने के निर्देश
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा एवं अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले के जालबांधा क्षेत्र में विभिन्न किराना एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान मेसर्स वर्मा किराना स्टोर से नमकीन, गुलाब जामुन (खजानी) एवं अरहर दाल के कुल तीन विधिक नमूने जांच के लिए संकलित किए गए। वहीं कृष्णा मोमोस सेंटर से चायनीज पकौड़ा एवं तीखी लाल चटनी के दो सर्विलांस नमूने लिए गए। सभी नमूनों को आवश्यक जांच के लिए भेजा जाएगा।
अस्वच्छ खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट
जांच के दौरान कृष्णा मोमोस सेंटर में अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे गए मोमोस एवं आलू फिंगर चिप्स पाए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इन्हें मौके पर ही नष्ट कराया। साथ ही प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य पंजीयन कराने तथा खाद्य पदार्थों के स्वच्छ एवं सुरक्षित रख-रखाव के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में मेसर्स लक्ष्य किराना स्टोर्स का भी निरीक्षण किया गया। संचालक को प्रतिष्ठान में आवश्यक साफ-सफाई बनाए रखने के साथ खाद्य अनुज्ञप्ति एवं पंजीयन को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं सुरक्षित खाद्य व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।



