
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ 19 अगस्त 2026// स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
जिले में मलेरिया नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए उच्च मलेरिया प्रचलन एवं उच्च जोखिम वाले चिन्हित ग्रामों में इंडोर रेजिडुअल स्प्रेइंग (Indoor Residual Spraying-IRS) अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य मलेरिया फैलाने वाले मच्छरों के प्रभाव को कम कर संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ना है।
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा और जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीमें चिन्हित ग्रामों में माइक्रो-प्लान के अनुसार घर-घर पहुंचकर IRS गतिविधियां कर रही हैं।
अभियान के तहत घरों की आंतरिक दीवारों एवं मच्छरों के संभावित विश्राम स्थलों पर निर्धारित मानकों के अनुसार कीटनाशक का छिड़काव किया जा रहा है। इससे मच्छरों की संख्या और मानव-मच्छर संपर्क को कम करने में मदद मिलती है। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा ग्रामीणों को छिड़काव के महत्व, आवश्यक सावधानियों तथा छिड़काव के बाद निर्धारित अवधि तक घर में प्रवेश नहीं करने की जानकारी भी दी जा रही है।
मलेरिया नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए IRS के साथ बुखार सर्वेक्षण, मलेरिया की जांच, पॉजिटिव पाए गए मरीजों का त्वरित उपचार, मच्छरदानी के नियमित उपयोग को बढ़ावा देने और जनजागरूकता गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मलेरिया से बचाव के लिए सहयोग की अपील
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी आशीष शर्मा ने जिलेवासियों से अपील की है कि घरों में आईआरएस का छिड़काव होने दें और स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें। उन्होंने सोते समय नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करने तथा बुखार आने पर बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में मलेरिया की जांच कराने की अपील की है।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन ने बताया कि मलेरिया नियंत्रण के लिए समय पर जांच और उपचार के साथ प्रभावी वेक्टर नियंत्रण भी महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में IRS गतिविधियों को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है, ताकि मलेरिया संक्रमण के प्रसार को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सके।
मलेरिया से बचाव के लिए जागरूक रहें, मच्छरों से बचाव करें और बुखार होने पर तत्काल मलेरिया की जांच कराएं।



