KCGखास खबरछत्तीसगढ़

अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त पर खैरागढ़ पुलिस की सतर्क निगरानी

ऑनलाइन शॉपिंग गोदाम एवं वेल्डिंग-फैब्रिकेशन संचालकों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ :  क्षेत्र में चाकू, धारदार हथियार एवं अन्य आपत्तिजनक हथियारों के संभावित दुरुपयोग, अवैध निर्माण तथा खरीद-फरोख्त पर प्रभावी नियंत्रण के लिए केसीजी पुलिस द्वारा लगातार निगरानी एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खैरागढ़ पुलिस टीम ने ऑनलाइन शॉपिंग एप के गोदामों में पहुंचकर संचालकों एवं कर्मचारियों से संपर्क किया और संदिग्ध गतिविधियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस ने ऑनलाइन शॉपिंग गोदाम संचालकों को निर्देशित किया कि चाकू, छुरी, धारदार वस्तु अथवा अन्य हथियारनुमा सामान मंगाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों, बार-बार ऐसी वस्तुओं की मांग करने वाले लोगों अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। साथ ही डिलीवरी के दौरान सतर्कता बरतने तथा उपलब्ध रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की समझाइश दी गई।

इसी तरह वेल्डिंग एवं फैब्रिकेशन कार्य से जुड़े संचालकों से भी पुलिस ने संपर्क किया। उन्हें निर्देशित किया गया कि यदि कोई व्यक्ति चाकू, धारदार हथियार अथवा अन्य हथियार बनवाने, तैयार कराने या मरम्मत कराने के लिए संपर्क करता है, तो उसकी गतिविधियों एवं उद्देश्य को लेकर विशेष सावधानी बरती जाए। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने संचालकों से कहा कि किसी संदिग्ध व्यक्ति की पहचान, गतिविधि अथवा हथियार संबंधी मांग को नजरअंदाज न करें। अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

खैरागढ़ पुलिस ने आम नागरिकों, व्यापारियों एवं संबंधित व्यवसायियों से अपील की है कि क्षेत्र में अवैध हथियार, धारदार वस्तुओं के संदिग्ध उपयोग, निर्माण अथवा खरीद-फरोख्त की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की जानकारी आवश्यकतानुसार गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस का उद्देश्य अपराध घटित होने के बाद कार्रवाई करने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों की समय रहते पहचान कर अपराधों की रोकथाम करना तथा क्षेत्र में सुरक्षित वातावरण बनाए रखना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button