
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजनांदगांव के अध्यक्ष विजय कुमार होता के निर्देशानुसार तालुक विधिक सेवा समिति खैरागढ़ द्वारा डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर सत्र न्यायाधीश मोहनी कंवर ने की। इस अवसर पर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी आकांक्षा खलखो, प्राचार्य अनुराग सिंह, पैरा लीगल वालंटियर गोलू दास साहू सहित शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कानून की जानकारी न होना बचाव का आधार नहीं
शिविर को संबोधित करते हुए अपर सत्र न्यायाधीश मोहनी कंवर ने राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं, लोक अदालत, मध्यस्थता, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम और मोटर यान अधिनियम की जानकारी दी। पॉक्सो एक्ट पर चर्चा करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि नाबालिग के साथ सहमति से बनाए गए शारीरिक संबंध भी इस कानून के दायरे में आते हैं और कानून की जानकारी न होने की दलील अदालत में मान्य नहीं होती। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ऐसे कानूनों के गंभीर परिणामों को समझें ताकि उनका भविष्य सुरक्षित रह सके। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन भी दिया।
बाल विवाह और सड़क सुरक्षा पर जोर
न्यायिक मजिस्ट्रेट आकांक्षा खलखो ने बाल विवाह निषेध अधिनियम की जानकारी देते हुए बताया कि देश में लड़कियों के विवाह की वैध आयु 18 वर्ष और लड़कों के लिए 21 वर्ष है। तय उम्र से पहले विवाह करना कानूनी अपराध है और इसमें शामिल लोगों के लिए सजा का प्रावधान है।
उन्होंने सड़क सुरक्षा पर बात करते हुए कहा कि अधिकांश दुर्घटनाएं तेज और लापरवाही से वाहन चलाने तथा ड्राइविंग लाइसेंस न होने के कारण होती हैं। वाहन का बीमा होना अनिवार्य है, अन्यथा दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक रूप से भारी नुकसान उठाना पड़ता है, जबकि बीमा होने पर यह जिम्मेदारी बीमा कंपनी की होती है।
चाइल्ड हेल्पलाइन की दी गई जानकारी
पैरा लीगल वालंटियर गोलू दास साहू ने आपातकालीन सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और नि:शुल्क विधिक सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन गोलू दास साहू ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्राचार्य अनुराग सिंह ने किया।



