KCGखास खबरछत्तीसगढ़

साइबर जागृति अभियान के तहत विद्यार्थियों को दी डिजिटल सुरक्षा की जानकारी

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई :  जिला केसीजी पुलिस टीम द्वारा प्रदेशव्यापी साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत प्रथम सप्ताह में डिजिटल सतर्कता एवं बुनियादी सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान स्कूल एवं कॉलेजों में विद्यार्थियों को डिजिटल सतर्कता, ऑनलाइन सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की बुनियादी जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को समझाया कि साइबर ठगी किसी के साथ भी हो सकती है, इसलिए ऑनलाइन गतिविधियों में हमेशा सतर्क रहना जरूरी है। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध कॉल या मैसेज का जवाब देने तथा अपनी बैंकिंग एवं निजी जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी गई।
पुलिस ने साइबर अपराध के पीड़ितों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने की अपील करते हुए कहा कि पीड़ित को दोष देने या ताने देने के बजाय उसे भावनात्मक सहयोग देना चाहिए। कठिन समय में परिवार और समाज का सहयोग पीड़ित के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। साथ ही कानूनी एवं तकनीकी प्रक्रिया पूरी कराने में भी मदद करनी चाहिए।
आरोप नहीं, सहयोग करें
साइबर ठगी का शिकार होने पर पीड़ित को दोषी ठहराने के बजाय तत्काल बैंक और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने में सहयोग करने की अपील की गई। पुलिस ने बताया कि वित्तीय साइबर ठगी होने पर बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। इसके अलावा www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों और आम नागरिकों से अपील की कि साइबर अपराध के प्रति जागरूक रहें, दूसरों को भी जागरूक करें और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल संबंधित माध्यमों से शिकायत करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button