
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ 14 अगस्त 2026// स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन टीबी मुक्त भारत अभियान के साथ एकीकरण करते हुए किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक , मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, जनप्रतिनिधिगण एवं पंचायती राज संस्थाओं के सदस्य, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, मितानिनों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
स्वतंत्रता दौड़ के माध्यम से स्वस्थ एवं टीबी मुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों एवं नागरिकों को टीबी के लक्षणों, बचाव, समय पर जांच तथा उपचार के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही टीबी के संभावित मरीजों की शीघ्र पहचान, जांच एवं पूर्ण उपचार सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में टीबी से जुड़े भ्रम एवं सामाजिक कलंक को दूर करने, संभावित मरीजों को जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित करने तथा टीबी से प्रभावित व्यक्तियों के प्रति सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने “टीबी मुक्त ग्राम–टीबी मुक्त जिला–टीबी मुक्त छत्तीसगढ़–टीबी मुक्त भारत” के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
स्वतंत्रता दौड़ ने देशभक्ति, स्वास्थ्य जागरूकता और टीबी मुक्त भारत के संकल्प को एक साथ जोड़ते हुए जिले में जनभागीदारी का प्रभावी संदेश दिया।



