राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले के खैरागढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत दिलीपपुर के पंचायत भवन में “स्टॉप डायरिया कैंपेन 2026” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही।
कैंपेन के दौरान ग्रामीणों को डायरिया के कारण, लक्षण, बचाव एवं समय पर उपचार के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल के उपयोग, व्यक्तिगत स्वच्छता, जल स्रोतों के संरक्षण तथा जल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जल परीक्षण के महत्व पर भी जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को स्वच्छता अपनाने, दूषित पानी के सेवन से बचने तथा घरों में सुरक्षित पेयजल के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि स्वच्छ पेयजल, हाथों की नियमित सफाई और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने से डायरिया जैसी जलजनित बीमारियों की प्रभावी रोकथाम की जा सकती है।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत की सरपंच देवकी वर्मा, पंचायत के पंचगण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के समन्वयक, आईसी एवं डब्ल्यूक्यूएमएस (WQMS) के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन संपन्न हुआ।



