राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ / छुईखदान : नगर में सोना-चांदी की दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपए के जेवरात चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोना-चांदी के आभूषण, नगदी रकम और वारदात में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा सहित कुल करीब 44.75 लाख रुपए का माल बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर उपजेल सलोनी भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 14 अगस्त की सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच वार्ड क्रमांक 8 जैन मोहल्ला निवासी शांति लाल जैन की सोना-चांदी की दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोरों ने दुकान के अंदर रखे आभूषण चोरी कर लिए थे। प्रार्थी की शिकायत पर थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 296/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
नागपुर से जुड़े थे आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों और चोरी गए माल की तलाश शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने महेन्द्र साहु (26), निवासी रामपुर नवागांव, थाना छुईखदान, अक्षय गुरूवे (21) और अनिकेत मेश्राम (25), दोनों निवासी नागपुर (महाराष्ट्र) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
21.80 किलो चांदी और सोना बरामद
पुलिस ने आरोपी महेन्द्र साहु के कब्जे से चांदी के लच्छे, करधन, सांटी, ऐंठी, नागमोरी, सुतिया, पैरी सहित विभिन्न चांदी के आभूषण और सोने के कान के टॉप बरामद किए। उसके कब्जे से करीब 21 किलो 800 ग्राम चांदी, 3.600 ग्राम सोना और नगदी रकम भी जब्त की गई।
आरोपी अक्षय गुरूवे के कब्जे से करीब 500 ग्राम चांदी के आभूषण तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की सफेद रंग की होंडा एक्टिवा बरामद की गई। वहीं आरोपी अनिकेत मेश्राम से भी करीब 500 ग्राम चांदी के आभूषण जब्त किए गए।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों से बरामद सोना-चांदी, नगदी और वाहन की कुल कीमत करीब 44 लाख 75 हजार रुपए है। आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 19 अगस्त को उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर तीनों आरोपियों को उपजेल सलोनी भेज दिया गया।



