KCGखास खबरछत्तीसगढ़

विश्व जनसंख्या दिवस पखवाड़ा के अंतर्गत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में पोस्टर निर्माण एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित

राज नेशनल न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार खैरागढ़ :  विश्व जनसंख्या दिवस पखवाड़ा के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में पोस्टर निर्माण एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जनसंख्या स्थिरता, परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा स्वस्थ समाज जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आकर्षक पोस्टर एवं रंगोली के माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक  सोनल ध्रुव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को छोटे एवं स्वस्थ परिवार के लाभ, जनसंख्या स्थिरता के महत्व तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी विषयों की जानकारी देते हुए इन संदेशों को समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) एवं उससे बचाव के लिए उपलब्ध टीकाकरण के संबंध में भी जागरूक किया गया। बताया गया कि एचपीवी महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण बन सकता है, जबकि समय पर टीकाकरण इस बीमारी से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है। विद्यार्थियों को जानकारी दी गई कि 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाएं अपने निकटतम शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण का लाभ प्राप्त कर सकती हैं। साथ ही उन्हें अपने परिवार एवं समुदाय की पात्र बालिकाओं को भी टीकाकरण के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनसंख्या स्थिरता, परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा एचपीवी टीकाकरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और जनस्वास्थ्य से जुड़े अभियानों में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button