
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ 01 अगस्त 2026//
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन एवं उपसंचालक कृषि राजकुमार सोलंकी के मार्गदर्शन में खरीफ मौसम 2026 के दौरान उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक केन्द्रों के साथ-साथ अवैध भंडारण, अवैध कृषि आदान सामग्री तथा नकली कीटनाशकों के ठीकानों पर निरीक्षकों की टीम द्वारा लगातार नकेल कसी जा रही है। इसी कड़ी में शिकायतों के आधार पर मेसर्स साहू कृषि केन्द्र, बाजार क्षेत्र, ईतवारी बाजार प्रोपराईटर खेमु साहू के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कृषि केन्द्र में गंभीर अनियमितताएँ पाई गई, जिसमें बिना स्त्रोत प्रमाण पत्र व आवश्यक अभिलेखों के कीटनाशकों का भंडारण, मूल्य सूची का प्रदर्शन नही पाया जाना तथा अवसान हो चुके अधिकतर कीटनाशकों का भंडारण पाया गया। मौके पर कृषि केन्द्र संचालक द्वारा अवसान हो चुके कीटनाशकों का विक्रय करते हुये भी पाया गया। कृषि विभाग की टीम द्वारा अनियमितताओं को देखते हुए मौजुद कीटनाशकों को जब्त कर कृषि केन्द्र को तत्काल प्रभाव से सील कर संचालक को कारण बताओं नोटिस जारी कर नियमानुसार आगे की कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। कृषि विभाग ने कृषकों से अपील की है कि संदेहास्पद गतिविधियों की सूचना तत्काल कृषि विभाग को दे ताकि किसानों के हितों की रक्षा की जा सकें तथा समय पर गुणवत्तायुक्त बीज, उर्वरक और कीटनाशकों को उपलब्ध कराया जा सके। उन्होनें स्पष्ट किया है कि कीटनाशी अधिनियम एवं उर्वरक नियंत्रण आदेश के नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के विरूद्ध सख्त कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।



