KCGखास खबरछत्तीसगढ़

गंडई, पैलीमेटा व साल्हेवारा में RTO शिविर लगाने की मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन


पूर्व ब्लॉक सरपंच संघ अध्यक्ष रणजीत सिंह चंदेल ने विद्यार्थियों, किसानों व ग्रामीणों की सुविधा के लिए उठाई मांग, नाबालिग वाहन चालकों पर कार्रवाई और जागरूकता अभियान चलाने का भी आग्रह

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : गंडई, पैलीमेटा और साल्हेवारा क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों, मजदूरों तथा छात्र-छात्राओं को परिवहन विभाग (RTO) से संबंधित कार्यों के लिए राजनांदगांव तक लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। इस समस्या के समाधान के लिए पूर्व ब्लॉक सरपंच संघ (छुईखदान-गंडई) अध्यक्ष रणजीत सिंह चंदेल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में विशेष RTO शिविर आयोजित करने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि राजनांदगांव स्थित RTO कार्यालय की दूरी अधिक होने तथा पर्याप्त परिवहन सुविधाओं के अभाव में ग्रामीणों को लर्निंग लाइसेंस, ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण, वाहन नामांतरण एवं दस्तावेजों में त्रुटि सुधार जैसे छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी पूरा दिन और अतिरिक्त खर्च करना पड़ता है। इसका सबसे अधिक प्रभाव विद्यार्थियों पर पड़ रहा है, जिन्हें लाइसेंस संबंधी कार्यों के लिए पढ़ाई छोड़कर राजनांदगांव जाना पड़ता है।
रणजीत सिंह चंदेल ने मांग की है कि गंडई, पैलीमेटा और साल्हेवारा में विशेष RTO शिविर लगाकर लर्निंग लाइसेंस निर्माण, ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण, वाहन स्वामित्व हस्तांतरण, दस्तावेजों में नाम, पता एवं मोबाइल नंबर संबंधी त्रुटि सुधार तथा यातायात सुरक्षा संबंधी परामर्श जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जाएं। इससे आम नागरिकों को राहत मिलने के साथ-साथ समय और धन की भी बचत होगी।
ज्ञापन में सड़क सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। इसमें कहा गया है कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में 18 वर्ष से कम आयु के छात्र-छात्राएं बुलेट, बाइक और एक्टिवा जैसे दोपहिया वाहनों से विद्यालय आना-जाना कर रहे हैं, जो यातायात नियमों का उल्लंघन होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ाता है। प्रशासन से ऐसे नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा विद्यालयों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के सहयोग से व्यापक यातायात जागरूकता अभियान चलाने की मांग की गई है, ताकि सभी यातायात नियमों का पालन करें और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
जिला कलेक्टर कार्यालय, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की आवक-जावक शाखा द्वारा 30 जुलाई 2026 को आवेदन प्राप्त कर पंजीकृत कर लिया गया है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि जिला प्रशासन जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही RTO शिविरों के आयोजन का निर्णय लेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button