राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ / गंडई : स्वर्गीय लाल मुरत सिंह खुसरो शासकीय अंग्रेजी/हिंदी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय गंडई में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य एवं बहुआयामी कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य मुकेश शुक्ला एवं शाला प्रबंधन एवं विकास समिति (SMDC) अध्यक्ष संजय राजपूत के नेतृत्व में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथियों का सम्मान, मां सरस्वती पूजन, साइकिल वितरण, पौधरोपण तथा मेधावी छात्र-छात्राओं का पुरस्कार वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता मनोज दास ने किया।
मां सरस्वती की पूजा के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं वंदना के साथ हुई। विद्यालय परिवार ने समारोह में पहुंचे अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। नगर पंचायत गंडई के एल्डरमैन टेकन देवांगन, राकेश जायसवाल एवं अशोक देवांगन का SMDC अध्यक्ष संजय राजपूत एवं प्राचार्य मुकेश शुक्ला ने माला पहनाकर एवं बुके भेंटकर स्वागत किया।
साइकिल वितरण के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
समारोह के दौरान शासन की महत्वाकांक्षी योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। साइकिल मिलने से छात्राओं के चेहरे खिल उठे। वहीं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में अतिथियों एवं शिक्षकों ने औषधीय तथा छायादार पौधों का पौधरोपण किया।
मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
समारोह में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने जिला एवं राज्य स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन किया। सम्मानित विद्यार्थियों में प्रथम जान्हवी निषाद, द्वितीय काव्या नामदेव, तृतीय मयंक सोनी, चतुर्थ धरणी वर्मा, पांचवीं हुमायरा फातिमा नियाजी, छठवीं अनन्य यादव, सातवीं मनीषा मोटवानी, आठवीं नैना साहू (जिला केसीजी में प्रथम स्थान प्राप्त ), नौवीं अनंत शर्मा, दसवीं पायल साहू एवं ग्यारहवीं जय जांघेल शामिल रहे। वहीं वैभव रत्नाकर ने छत्तीसगढ़ राज्य प्रावीण्य सूची में आठवां स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि, अभिभावक, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन में विद्यार्थियों के उत्साह और उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए अतिथियों ने शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।



