
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ / गंडई : जिला के सी जी पुलिस टीम के द्वारा अवैध एवं आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 28.07.2026 को थाना गंडई पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम लिमों के ढाबा रोड स्थित अपने घर के सामने एक व्यक्ति हार-जीत पर रुपये-पैसे का दांव लगवाकर अवैध रूप से सट्टा-पट्टी लिख रहा है।
सूचना पर थाना गंडई पुलिस द्वारा तत्काल टीम गठित कर बताए गए स्थान पर दबिश दी गई। मौके पर सलमान अहमद, पिता समीम अहमद, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम लिमों, थाना गंडई को सट्टा-पट्टी लिखते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 02 सट्टा पट्टियां, 01 नीला डॉट पेन एवं ₹3,000 नगद, जो सट्टा संचालन में प्रयुक्त होना पाया गया, विधिवत जब्त किया गया।
इस संबंध में थाना गंडई में अपराध क्रमांक 240/2026 पंजीबद्ध कर छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 6 के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।



