
एससी-एसटी वर्ग को मिलेगा त्वरित न्याय, आईजी ने दिए 60 दिन में चालान पेश करने के निर्देश
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 30 अक्टूबर : खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में नवीन थाना अजाक का शुभारंभ किया गया। राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव ने फीता काटकर थाने का लोकार्पण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीएसपी अजाक, सभी एसडीओपी, थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
लोकार्पण के बाद आईजी यादव ने थाने में पदस्थ पुलिसकर्मियों की बैठक लेकर उन्हें कार्यप्रणाली के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए थाने की शुरुआत का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों को त्वरित और उचित न्याय दिलाना है। कानून की पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए।
शिकायत पर समय पर दर्ज करें एफआईआर
आईजी ने निर्देश दिए कि पीड़ितों को हरसंभव कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाए। शिकायत मिलने पर समय पर कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की जाए। एससी-एसटी एक्ट के मामलों में विवेचना शीघ्र पूरी कर 60 दिनों के भीतर चालान न्यायालय में पेश किया जाए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने भी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को नए थाने के सुचारू संचालन तथा पीड़ितों को बेहतर पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



