KCGखास खबरछत्तीसगढ़

त्योहारी सीजन में खाद्य प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, 16 विधिक और 15 सर्विलांस नमूने जांच के लिए भेजे गए

​मिलावट की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 9340597097 पर दें सूचना

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : दशहरा एवं दीपावली पर्व के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। इस दौरान किराना दुकानों, होटलों, रेस्टोरेंट, डेयरियों और खाद्य विनिर्माण प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।

​नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा कलेक्टर के निर्देशानुसार उप संचालक डॉ. अनिल कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पाण्डेय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार धृतलहरे और विभागीय कर्मचारियों की टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने खैरागढ़, छुईखदान, गंडई, नर्मदा, ठेलकाडीह और जालबांधा के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

​अभियान के दौरान मिठाइयों, दुग्ध उत्पादों, खाद्य तेल, मसालों और आटे सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 16 विधिक और 15 सर्विलांस नमूने संग्रहित कर जांच के लिए भेजे गए। विभाग के अनुसार, पूर्व में संग्रहित नमूनों की जांच में अमानक और असुरक्षित पाए गए खाद्य पदार्थों, बिना खाद्य अनुज्ञप्ति या पंजीयन के कारोबार तथा अन्य खाद्य सुरक्षा संबंधी उल्लंघनों के प्रकरण माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।

​विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि पैकेटबंद खाद्य सामग्री खरीदते समय बैच नंबर, पैकिंग तिथि, एक्सपायरी तिथि और अन्य अंकित जानकारी अवश्य देखें। खाद्य कारोबारियों को अपने प्रतिष्ठानों में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों का विक्रय, भंडारण, प्रदर्शन और विनिर्माण करने की सख्त समझाइश दी गई है।

​किसी भी प्रतिष्ठान में मिलावटी या दूषित खाद्य पदार्थ बेचे जाने का संदेह होने पर नागरिक खाद्य सुरक्षा विभाग के हेल्पलाइन नंबर 9340597097 पर सूचना दे सकते हैं, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और निगरानी का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button