राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 30 अक्टूबर : खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) के तहत गिरदावरी कार्य पूरा होने के बाद अब ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। इसके लिए कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। ग्राम सभाओं का आयोजन 1 से 12 नवंबर तक किया जाएगा।
जिले में 16 अगस्त से 31 अक्टूबर 2026 तक डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से गिरदावरी का कार्य किया जा रहा है। सर्वे पूरा होने के बाद पटवारियों द्वारा तैयार की गई ग्रामवार गिरदावरी सूची को ग्राम सभाओं में पढ़कर सुनाया जाएगा। इससे किसानों को अपनी फसल और भूमि से संबंधित दर्ज जानकारी का सत्यापन करने का अवसर मिलेगा। साथ ही रिकॉर्ड में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर उसे सामने लाने में मदद मिलेगी।
ग्राम पंचायत सचिवों को सौंपी जिम्मेदारी
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समयावधि में नियमानुसार ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाए। ग्राम पंचायत सचिव डिजिटल क्रॉप सर्वे के अंतर्गत आने वाले गांवों की सूची प्राप्त कर ग्राम सभा में गिरदावरी सूची का पठन सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही ग्राम सभा की कार्यवाही का विवरण निर्धारित प्रारूप में भू-अभिलेख शाखा को उपलब्ध कराना होगा।
ग्राम सभाओं के व्यवस्थित आयोजन और गिरदावरी कार्य में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अनुविभागीय अधिकारियों, तहसीलदारों, जनपद पंचायत के सीईओ और संबंधित कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।



