KCGखास खबरछत्तीसगढ़

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं, समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश

जिला पंचायत सीईओ ने मानपुर, जीराटोला और जंगलपुरघाट में बालिका शौचालय व मुक्तिधाम निर्माण का किया निरीक्षण

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ :  ग्राम पंचायतों में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति जांचने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने मानपुर, जीराटोला और जंगलपुरघाट सहित उनके आश्रित ग्रामों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों, इंजीनियरों और निर्माण एजेंसियों को कार्यों में गुणवत्ता सुधारने और निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।

मानपुर में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर जोर

निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत मानपुर में निर्माणाधीन बालिका शौचालय और मुक्तिधाम के कार्यों का जायजा लिया गया। सीईओ ने निर्माण कार्यों में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित इंजीनियर और कार्य एजेंसी को आवश्यक सुधार करने के लिए कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

जीराटोला में एक सप्ताह की समय-सीमा

ग्राम पंचायत जीराटोला में निर्माणाधीन बालिका शौचालय का निरीक्षण कर शेष कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं, ग्राम पंचायत जंगलपुरघाट और उसके आश्रित ग्राम मगरकुंड व खैरानवापारा में बालिका शौचालय निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। यहां निर्माण कार्यों को आगामी 15 दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों और कार्य एजेंसियों को दिए गए।

समय पर पूरे हों ग्रामीण विकास के कार्य

सीईओ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरी सुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के साथ उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करना भी आवश्यक है। निरीक्षण का उद्देश्य निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना, कमियों में सुधार कराना और ग्रामीणों को निर्धारित समय में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।

निरीक्षण के दौरान सहायक परियोजना अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button