DURGखास खबरछत्तीसगढ़

नशा मुक्ति युवा फोरम विकसित भारत प्रतियोगिता में भिलाई महिला महाविद्यालय ने लहराया परचम

हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालयीन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बनाया स्थान

राज नेशनल न्यूज़ दुर्ग : हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के अंतर्गत आयोजित “नशा मुक्त युवा फोरम विकसित भारत” विषयक अंतर महाविद्यालयीन प्रतियोगिता में भिलाई महिला महाविद्यालय, सेक्टर-9 की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस शानदार उपलब्धि के साथ महाविद्यालय ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपना स्थान सुनिश्चित कर जिले का गौरव बढ़ाया है।
यह प्रतियोगिता नेहरू युवा केंद्र दुर्ग, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) तथा संबंधित संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा “युवा शक्ति – नशा मुक्त भारत की शक्ति” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना था।
महाविद्यालय की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और प्रभावशाली प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित करते हुए प्रथम स्थान अर्जित किया। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र के विधायक ललित चंद्राकर ने छात्राओं की इस उत्कृष्ट सफलता पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऐसी उपलब्धियाँ समाज को सकारात्मक दिशा देती हैं। छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से महाविद्यालय, विश्वविद्यालय तथा दुर्ग जिले का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी टीम को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे वहाँ भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य एवं प्राध्यापकों ने भी विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस सफलता को छात्राओं की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा नशा मुक्त भारत अभियान के प्रति उनकी सकारात्मक सोच का परिणाम बताया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button