राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के प्रतिभावान एवं निम्न आय वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना संचालित की जा रही है। शिक्षण सत्र 2026-27 के लिए योजना के अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों से 30 अक्टूबर 2026 तक ऑफलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
योजना के तहत आईआईटी, एम्स, आईआईएम, एनएलयू, एमबीबीएस, एनआईटी एवं आईआईआईटी जैसे राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित उच्च व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों में चयनित विद्यार्थियों को प्रवेश प्राप्त करने के लिए तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थी छत्तीसगढ़ का मूल निवासी तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अथवा अन्य पिछड़ा वर्ग का होना आवश्यक है। विद्यार्थी के पास संबंधित संस्थान में चयन का प्रमाण-पत्र एवं प्रवेश हेतु संस्था द्वारा जारी सूचना पत्र होना चाहिए। साथ ही अभिभावक की वार्षिक आय 2 लाख 50 हजार रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए। शासकीय सेवकों के आश्रित योजना के पात्र नहीं होंगे, हालांकि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के बच्चे योजना का लाभ ले सकेंगे।
पात्र विद्यार्थी निर्धारित प्रपत्र में आवेदन रजिस्टर्ड डाक अथवा स्वयं उपस्थित होकर अपने गृह जिले के कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास में 30 अक्टूबर 2026 तक जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र का प्रारूप संबंधित कार्यालय अथवा विभागीय पोर्टल https://eklavya.cg.nic.in/ से प्राप्त किया जा सकता है। निर्धारित अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।



