
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, 4 सितंबर 2026 : आगामी त्यौहारों एवं सार्वजनिक उत्सवों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से केसीजी पुलिस ने जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध निगरानी और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों द्वारा गुंडा, निगरानी बदमाश एवं आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में विभिन्न थाना क्षेत्रों में ऐसे व्यक्तियों को थाना बुलाकर आगामी त्यौहारों एवं सार्वजनिक आयोजनों के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद, मारपीट, उपद्रव, आपराधिक गतिविधि अथवा शांति व्यवस्था भंग करने वाले कृत्य से दूर रहने की सख्त समझाइश दी गई।
पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों को स्पष्ट हिदायत दी कि वे कानून का पालन करें और त्यौहारों के दौरान किसी भी असामाजिक अथवा आपराधिक गतिविधि में शामिल न हों। साथ ही उन्हें पूर्व आपराधिक गतिविधियों से दूर रहकर समाज में शांतिपूर्ण एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में जीवन-यापन करने के लिए प्रेरित किया गया।
संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग
जिला पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं त्यौहार आयोजन स्थलों पर लगातार पेट्रोलिंग एवं निगरानी की जा रही है। आदतन अपराधियों एवं निगरानी बदमाशों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगामी त्यौहारों के दौरान कानून व्यवस्था प्रभावित करने, उपद्रव करने अथवा किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
KCG पुलिस की नागरिकों से अपील
केसीजी पुलिस ने जिलेवासियों से आगामी त्यौहारों एवं सार्वजनिक उत्सवों को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस को सूचित करें।
शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।



