KCGखास खबरछत्तीसगढ़

समय-सीमा की बैठक में लंबित प्रकरणों की समीक्षा, कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ //  कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों, अटल मॉनिटरिंग पोर्टल, शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, विकास एवं निर्माण कार्यों तथा जनशिकायतों के निराकरण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन से जुड़े प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

अटल मॉनिटरिंग पोर्टल की समीक्षा, अद्यतन जानकारी दर्ज करने के निर्देश

बैठक में कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने अटल मॉनिटरिंग पोर्टल की विभागवार समीक्षा करते हुए विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोर्टल में विभागीय योजनाओं, निर्धारित लक्ष्यों, उपलब्धियों एवं कार्यों की प्रगति से संबंधित जानकारी नियमित रूप से अद्यतन की जाए। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर दर्ज जानकारी वास्तविक प्रगति के अनुरूप एवं त्रुटिरहित होनी चाहिए। संबंधित विभागीय अधिकारी निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति के लिए कार्ययोजना बनाकर कार्य करें तथा लंबित कार्यों में तेजी लाएं। कलेक्टर ने पोर्टल की नियमित निगरानी करने और प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

लंबित प्रकरणों के निराकरण और विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर

कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा लंबित आवेदनों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन विकास कार्यों की नियमित निगरानी, कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं और गतिविधियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय-सीमा पोर्टल में दर्ज प्रकरणों का नियमित परीक्षण करें तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और परिणाममूलक कार्यप्रणाली सुनिश्चित करें।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर  सुरेंद्र कुमार ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button