KCGखास खबरछत्तीसगढ़

ग्राम चकनार में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन

पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास के संदेश के साथ मैदानी अमले का सम्मान, विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ //  महिला एवं बाल विकास विभाग, परियोजना छुईखदान के अंतर्गत ग्राम चकनार में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित सेवाओं को समुदाय से जोड़ने के साथ पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक बाल विकास एवं जनभागीदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष  प्रियंका खम्हन ताम्रकार, नीतू कोठारी,  उमा चौबे, महिला एवं बाल विकास सभापति जनपद पंचायत छुईखदान ज्योति जंघेल, राकेश ठाकुर एवं सांसद प्रतिनिधि खम्मन ताम्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षा, संस्कार, पोषण एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।

‘मेरी पोषण थाली’ ने दिया संतुलित आहार का संदेश

कार्यक्रम में ‘मेरी पोषण थाली’ का प्रदर्शन किया गया। इसके माध्यम से संतुलित एवं पौष्टिक आहार में शामिल किए जाने वाले विभिन्न खाद्य पदार्थों की जानकारी दी गई। महिलाओं एवं ग्रामीणों को बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं शिशुवती माताओं के लिए संतुलित आहार के महत्व के साथ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने के संबंध में जानकारी दी गई। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, पूर्व प्राथमिक शिक्षा एवं प्रारंभिक बाल विकास के लिए संचालित गतिविधियों की भी जानकारी दी गई।

मैदानी अमले का किया गया सम्मान

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं पर्यवेक्षकों का सम्मान किया गया। गांव-गांव तक महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने में मैदानी अमले की भूमिका की सराहना की गई। इस अवसर पर ग्रामीणों से आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़कर बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक बाल विकास से संबंधित गतिविधियों में सहभागिता निभाने की अपील की गई।

परियोजना अधिकारी छुईखदान सुनील बंजारे ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तभी संभव है, जब विभागीय अमले के साथ समुदाय की भी सक्रिय सहभागिता हो। उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम के समापन पर परियोजना अधिकारी श्री सुनील बंजारे ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं, मितानिनों, स्वास्थ्य कर्मियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा ग्रामीणजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद दिया।

कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी  पी.आर. खुटेल, परियोजना अधिकारी सुनील बंजारे, पर्यवेक्षक पूजा, माधुरी एवं प्रेमलता तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता  अनुपा जंघेल, नाजरा, पूनम एवं संतोषी सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन, स्वास्थ्य कर्मी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button