राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत राज्य में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु काउन्सलिंग की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। प्रवेश परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विभागीय वेबसाइट पर चयनित छात्र-छात्राओं की काउन्सलिंग सूची एवं तिथियां जारी कर दी गई हैं।
प्रयास आवासीय विद्यालयों में प्रवेश के लिए काउन्सलिंग 5 अगस्त 2026 तक संबंधित सूची में आवंटित प्रयास आवासीय विद्यालयों में प्रतिदिन प्रातः 11:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर स्वयं उपस्थित होकर काउन्सलिंग प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी।
ये दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
काउन्सलिंग के दौरान विद्यार्थियों को निम्नलिखित दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा—
कक्षा 8वीं की प्रथम श्रेणी (60 प्रतिशत या अधिक) अंकसूची।
प्रधानपाठक/प्राचार्य द्वारा जारी कक्षा 8वीं में अध्ययनरत होने का सत्यापन प्रमाण-पत्र।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीड़ित प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो)।
अल्पसंख्यक वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए ₹10 के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पर नोटरी सत्यापित प्रमाण-पत्र।
जाति प्रमाण-पत्र।
विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो)।
विशेष श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए संबंधित प्रमाण-पत्र, जैसे दिव्यांगता, दिव्यांग माता-पिता के बच्चे, अनाथ, विधवा या परित्यक्ता महिला के बच्चे तथा पुलिस, अर्द्धसैनिक, सशस्त्र बल अथवा शहीद सैनिक के बच्चों का प्रमाण-पत्र।
प्रवेश के बाद तीन दिवस के भीतर प्रस्तुत करने होंगे अतिरिक्त दस्तावेज
काउन्सलिंग के बाद प्रवेश के लिए पात्र पाए गए विद्यार्थियों को संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश हेतु तीन दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण-पत्र (टीसी) तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकल सेल जांच प्रमाण-पत्र अनिवार्य रूप से जमा करना होगा।
विद्यार्थी एवं अभिभावक काउन्सलिंग सूची, तिथि एवं अन्य जानकारी विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/ पर देख सकते हैं। निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है।



