कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने शत-प्रतिशत पात्र युवाओं का पंजीयन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़: भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले में 17 वर्ष या उससे अधिक आयु पूर्ण कर चुके तथा 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने विशेष अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने अभियान के तहत पात्र युवाओं का शत-प्रतिशत मतदाता पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिले में यह विशेष अभियान 05 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान जिले के सभी स्कूलों एवं महाविद्यालयों में गठित निर्वाचक साक्षरता क्लब (ईएलसी) के माध्यम से पात्र विद्यार्थियों को मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी तथा आवश्यकतानुसार फार्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को सभी स्कूल-कॉलेजों के ईएलसी क्लब के नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय कर अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आवश्यकता के अनुसार ईएलसी क्लबों में फार्म उपलब्ध कराने तथा स्कूल-कॉलेजों का भ्रमण कर पंजीयन कार्य की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए भी कहा है।
अभियान के तहत जिले के सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केन्द्रों के ऐसे मतदाताओं से भी पुनः संपर्क करेंगे, जो विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान अनुपस्थित पाए गए थे। ऐसे पात्र मतदाताओं से संपर्क कर फार्म-6 भरवाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि मतदाता सूची में पात्र युवाओं का नाम समय पर जोड़ना निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान के दौरान 17+ आयु वर्ग के पात्र युवाओं तक पहुंच बनाकर उनका मतदाता पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।



