
खैरागढ़ में आयोजित हुआ ‘साइबर जागृति सुप्रभात’ कार्यक्रम
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 23 सितंबर : सुबह की ताजगी और शहर की चहल-पहल के बीच नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से खैरागढ़ शहर के विभिन्न स्थानों पर ‘साइबर जागृति सुप्रभात’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस उप अधीक्षक प्रदीप येरेवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रातः भ्रमण पर निकले नागरिकों तथा शासकीय कार्यालयों के कर्मचारियों से संवाद किया। इस दौरान साइबर ठगी, फिशिंग लिंक, ओटीपी, फर्जी कॉल और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने नागरिकों को समझाया कि साइबर अपराध से बचाव की पहली सीढ़ी जागरूकता और सतर्कता है। अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी एवं पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने तथा संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों से सावधान रहने की अपील की गई।
कार्यक्रम के माध्यम से खैरागढ़ पुलिस ने नागरिकों को जागरूक और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया। पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘साइबर जागृति अभियान’ लगातार जारी रहेगा।
पुलिस का संदेश—
“सुबह की शुरुआत जागरूकता के साथ,
हर दिन सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के साथ।”



