KCGखास खबरछत्तीसगढ़

जिला पंचायत सभा कक्ष में आयोजित हुआ पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना का प्रशिक्षण, “सोलर दीदी” बनकर महिलाएं निभाएंगी अहम भूमिका

राज नेशनल न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार खैरागढ़ 10 जुलाई 2026// कलेक्टर  इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन में जिला पंचायत सभा कक्ष, खैरागढ़ में पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षक मनीष अग्रवाल,  राहुल डांगे एवं  अनिल कुमार द्वारा योजना के विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान जिले के विभिन्न ग्रामों से उपस्थित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं एवं सदस्यों को “सोलर दीदी” के रूप में कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया। उन्हें योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, पात्र हितग्राहियों को मार्गदर्शन प्रदान करने, आवेदन प्रक्रिया में सहयोग करने तथा योजना के सफल क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

प्रशिक्षकों ने बताया कि “सोलर दीदी” ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के प्रसार की महत्वपूर्ण कड़ी बनेंगी। साथ ही, इस योजना के माध्यम से उन्हें अतिरिक्त आय अर्जित करने का अवसर भी प्राप्त होगा, जिससे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं संचालन में खैरागढ़ विद्युत संभाग के कार्यपालन अभियंता  आलोक कुमार दुबे का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में विद्युत विभाग के समस्त सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता एवं अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे तथा प्रशिक्षण को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभागियों से अपने-अपने ग्रामों में पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने तथा प्रधानमंत्री की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button